Saturday, April 11, 2015

Bride Dress

अस्सी कली का नहीं, बीस कली का हो घाघरा
शादियों का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में युवक-युवती जुट गए हैं यादगार दिन के लिए तैयारियां करने में। इस दौरान हर कोई अपने बजट का ध्यान रखना चाहता है, यहां आशिता दाधीच आपको बता रही हैं इस सीजन की शादियों में क्या रहेगा चलन।

इस साल गर्मियां पहले ही दस्तक दे चुकी हैं, ऐेसे में हल्के रंगों के साथ हल्की जूलरी चलन में रहेगी। बीते एक दो सालों से दुल्हनें शादियों में उन परिधानों को प्राथमिकता दे रही हैं, जिन्हें वे बाद में घरेलू समारोह में पहन सकें। इसके चलते इस साल भी भारी-भरकम पोशाकों का चलन कम रहेगा। इसके साथ ही शादी पर दुल्हनों के लिए लहंगा-चोली के साथ अब बॉल रूम ट्रायल गाउन से लेकर मुगल शैली की जैकेट जैसे नए लिबास चलन में है। मौसम को ध्यान में रखने हुए दुल्हन की पोशाकों में आरामदायक फैब्रिक के साथ रंगों में पेस्टल शेड्स का अधिक इस्तेमाल दिखाई देगा। लड़कियों में बढ़ते आधुनिक चलन के देखते हुए इस साल कम भारी गहने चलन में रहेंगे।

सभी कार्यक्रमों के लिए अलग परिधान

पारंपरिक भारतीय शादियां पांच दिन तक चलती है। ऐसे में, हर दिन के लिए अलग-अलग पहनावे का प्रावधान है। कार्यक्रम की अवधि और प्रकार के आधार पर ड्रेस डिजाइन की जा रही हैं। जैसे मेहंदी में प्लेन लंबे घाघरे, संगीत में प्रिंटेड स्कर्ट के साथ चोली और शादी के मुख्य समारोह के लिए दस से बारह कली का लहंगा है। इन सभी कार्यक्रमों में पहनी जाने वाली जूलरी दुल्हन के कपड़ों के विरोधाभासी रंग की होगी। इससे दुल्हन की रंगत के बीच कपड़ों और गहनों की चमक उभर कर सामने आएगी। इस साल गहनों में क्रिस्टल और पर्ल का खासा चलन रहेगा।

कैसा होना चाहिए मेक-अप

आजकल ब्राइडल मेकअप में शिमर लुक ट्रेंड में है, इसलिए आप शिमर फाउंडेशन यूज करें, इससे पूरे चेहरे पर चमक आ जाती है। गर्मियों और उमस के चलते वॉटरप्रूफ फाउंडेशन का ही प्रयोग करे। दुल्हन के मेकअप में आंखों को स्मोकी लुक देने के लिए दो-तीन रंगों के आई लाइनर का इस्तेमाल किया जाता है। इससे आंखें उभरी हुई लगती हैं। ब्लशर में लाइट शेड जैसे पिंक, पीच कलर प्रयोग करें। इससे दुल्हन का मेकअप नैचरल दिखेगा।

Groom fashion trends

दूल्हे का सेहरा सुहाना लगता हैं।

दुल्हन को भी टक्कर दे दूल्हे के अंदाज

दूल्हे को तराशा जाए मूर्ति सा

क्यों सिर्फ दुल्हन ही हो रौनक, न भूले दूल्हे की शान

आशिता दाधीच, मुंबई

शादियों के नाम से याद आती हैं सजी धजी दुल्हनें, नख से शिख तक श्रृंगार की हुई औरतें लेकिन अब चलन बदल रहा हैं जनाब। अब दूल्हे राजा भी किसी मामलें में दुल्हनियां से कम नहीं लगना चाहते। ऐसे में दूल्हे के कपड़ो और गहनों की खरीदारी में भी खासी तेजी आई हैं। आज आशिता दाधीच आपको बता रही है दूल्हे राजा को राजा सा सजाने के लिए इस बार क्या है फैशन में।

हर कोई अपनी शादी को अपनी जिंदगी का सबसे यादगार लम्हा बनाना चाहता है। ऐसे में दूल्हे का पहला इमप्रेशन होती है उसकी वेडिंग ड्रेस। इस साल मोदी कुर्ते और मोदी जैकेट को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा हैं। इसके साथ ही इंडो वेस्टर्न सूट की भी दिवानगी अपने चरम पर है। बीतें दो सालों से पारम्परिक परिधान शेरवानी को भी विदेशी टच दिया जा रहा है। अगर आप कुछ अलग चाहते हैं तो पठानी सूट के साथ वेस्ट कोट या हेवी कुर्ता भी पहन सकते हैं। कुर्ता चुनते समय यह भी ध्यान रखे कि वह दुल्हन के लहंगे के रंग से मेल खाए।

शेरवानी हो कोट जैसी -

इंडो वेस्टर्न सूट घुटने से कुछ ऊपर होता है ऐसे में इसे पहनने पर शेरवानी के साथ कोट का भी लुक आता है। शेरवानी, इंडो वेस्टर्न सूट्स के साथ ही डिजाइनर कुर्ते पैजामे भी काफी पसंद किए जा रहे हैं। इसमें कंधों पर जरी का काम होता है। इस साल डिजाइनर स्टोन व हैवी वर्क का चलन भी देखा जा रहा है। आजकल दूल्हा - दुल्हन एक-दूसरे से मिलती जुलती पोशाख पहनते हैं इसलिए शेरवानी के साथ लाइट कलर की चुन्नी भी लगाई जा सकती है। इस साल रंगों में सबसे अधिक गाढ़ा नीला, महरून और लाल रंग चलन में है। शेरवानी के साथ ब्रिचिज स्टाइल पजामा इस साल सबसे अधिक चलन में रहेगा।

पगड़ी हैं सबसे जरुरी -
आजकल शादियों में सबसे ज्यादा राजस्थानी टर्बन ही नजर आ रही हैं। ये पगड़ियां पीले, बैंगनी, हरे और बंधेज जैसे डिजाइन में बनाई जाती हैं। इन पर एक बड़ा मोडलगा होता है और उस पर रंगबिरंगी कलगी और फेदर लगाए जाते हैं। ये फेदर आप अपनी शेरवानी के मैचिंग रंग का लगा सकते हैं।