Thursday, September 11, 2014

शादी का कार्ड wedding invitation

शादी का कार्ड -

हमारे दुलारे की शादी में जरूर आना

ढ़ेर सी मनुहार और आत्मीयता का रंग समेटे शादी का कार्ड

शादी के तैयारियों गहनों और कपड़ों की खरीददारी तो हो गयी, लेकिन, अभी तो सब मेहमान बुलाने है। उन्हें आमंत्रित करने का सलीका कुछ ऐसा हो कि वे बस मना नहीं कर पाए। आमंत्रण बस पाहुने के दिल को लुभाए, तो कैसा डिजाइन करे इंविटेशन कार्ड, क्या है दिलकश लेटेस्ट ट्रेंड्स, बता रही है आशिता दाधीच -

भुलेश्वर में वेडिंग कार्ड्स डिजाइन करने वाले भावेश भाई वगासिया के मुताबिक पिछले साल से अभी तक विटेंज कार्ड फैशन में चल रहे है। आज कल शादी के कार्ड में ग्लैमर के साथ सुनहरी रंगों की पट्टियां डिमांड में है। कुछ लोग सिल्वर और तांबाई रंगों को भी प्राथमिकता देते है। आज कल डबल फोल्डेड कार्ड चलन में है। देवताओं के चित्र वाला पोर्शन अलग और अलग से कागज पर छपा हुआ निमंत्रण पत्र अलग। ऐसे में इन्हे जॉइंट करने के लिए धागे का इस्तेमाल होता है, यहा धागा सुनहरी, चंदेरी से लेकर मोतियों की लड़ी के रूप में होता है, जो कार्ड को एलिगेंट लुक देता है।

इस साल भी शादी के कार्ड में पेस्टल शेड वाले मेटलिक रंगो की मांग है। श्रीजी स्टोर्स के प्रकाश मेहता के मुताबिक गहरा हरा, बेबी पिंक, आसमानी नीला, पीच कलर ही शादी के कार्ड के लिए उपयुक्त रहते है। कार्ड के बेकग्राउंड में यदि देवता या दुल्हा -दुल्हन के जोड़े और गुलाब का चित्र वाटर मार्क किया हो तो कार्ड की शोभा निखर कर सामने आती है। जहां तक फॉन्ट की बात है, लोग अब ऐसे फॉन्ट प्रिफर करते है जो हैण्ड राइटिंग की ही तरह दिखाई दे। इसके अलावा कार्ड में क्लासिक रोमन फॉन्ट हमेशा चलन में रहता है।

अगर शादी के कार्ड बनाने वाले आर्टिस्ट से कार्ड डिजाइन के अवधारणा को समझा जाए, तो यह कहा जा सकता है कि पहले से चली आ रही डिजाइन कुछ हेर फेर के साथ बाजार में दुबारा आ जाती है। आइये नजर डालते है ऐसे ही कुछ डिजाइन पर -

- सिंगल पेपर इंविटेशन - इन कार्डों में एक ओर वर वधु का परिचय, विवाह आयोजन स्थल, परिवार का नाम और अन्य विवरण होता है, जबकि पीछे का पेज पूरी तरह खाली, होता है, इस पर कुछ लोग दिलकश बेलबूटे की डिजाइन बनवाते है।

- डबल पेपर कार्ड - सदाबहार होते है इस तरह के कार्ड, लिफाफे में दो डिजाइनदार गत्तो के बीच दो कागजों को माला या धागे से जोड़ा जाता है। इन कार्ड्स में अधिक डीटेल लिखी जा सकती है। शादी की सभी रस्मों का ब्यौरा ड़ाला जा सकता है।

- शाही कार्ड - आज कल इनका चलन बढ़ रहा है। पाइप में रोल की तरह फोल्ड करके रखे हुए, सुनहरी कार्ड। ये कार्ड देखने में बिलकुल पुराने जमाने के राजाओं द्वारा जारी फरमानो की तरह दिखाई देते है। इनकी लागत कुछ अधिक है और रोलिंग लिफाफा होने के कारण इन्हे डाक से नहीं भेजा जा सकता। कुछ लोग इसी वजह से रोल की जगह डिबिया को महत्त्व देते है। डिबिया में गोल करके रखा हुआ रेशमी वेलवेट से लिखा हुआ निमंत्रण पत्र किस का दिल नहीं लुभाएगा!

- ई - इंविटेशन - आज कल के इस हाई टेक युग में सब कुछ ऑन लाइन हो गया है। ऐसे में टेक सेवी लोग मल्टी मीडिया इलेक्ट्रॉनिक कार्ड भेजते है। इंटरनेट से टेम्पलेट डाउनलोड करके इन्हे एडिट करते हुए मनमाना कार्ड बनाया जा सकता है। आप चाहे तो इसके साथ आवाज, चित्र, वीडियों, एनीमेशन जोड़ सकते है।

- इको फ्रेंडली कार्ड - आज कल हर कोई गो ग्रीन का नारा दे रहा है। ऐसे में शादी के कार्ड भी हैण्ड मेड पेपर से बनाए जाने लगे है। कई लोग ऐसे कार्ड प्रिफर करने लगे है, जिनमे कागज री साइकल किया जा सके। इन कार्ड के लिए पत्तियों, पंखो और पंखुड़ियों का इस्तेमाल होता है।



मनुहार पत्रिका भी है जरूरी -

जीवन में जिस तरह की व्यस्तता का आलम है, उसके चलते इन दिनों मनुहार पत्र यानी पूर्व-सूचना पत्र का चलन बढ़ गया है। ये कार्ड शादी तय होते ही भेजे जाते है। इन कार्ड में शादी का ब्यौरा और जरुर आने की विनम्र विनती होती है।



??

??
 
---------------
 
 

2 comments: